सिरसा(प्रैसवार्ता)। ग्रीष्म ऋतु जाने को तैयार नहीं है और गर्मी रोद्र रूप धारण कर चुकी हैं, ऐसे में लोगों को इंतजार था मानसून की बारीश का। भले ही देश के इलाकों में अच्छी वर्षा हो चुकी हो, मगर सिरसा और गांव गोरीवाला के लोग मानसून की बारीश का इंतजार कर रहे थे। सिरसा एवं आस-पास के लोग इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए हवन यज्ञ कर रहे थे, मगर इंद्रदेव प्रसन्न होने का नाम ही नहीं ले रहे थे। आखिरकार शुक्रवार दोपहर को इंद्रदेव प्रसन्न हुए और सिरसा में हो गई मानसून की वर्षा। प्रैसवार्ता मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 3.30 बजे इंद्रदेव सिरसा जिला के गांव गोरीवाला पर प्रसन्न हुए और वहां के लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली है। तेज आंधी के बाद आई बारिश से किसानों, युवाओं और बच्चों में काफी खुशी देखी गई। जहां किसानों के लिए यह बारिश सोने पे सुहागा का काम कर गई वहीं लोगों को भी गर्मी से कुछ राहत मिली। गोरीवाला के बाद इंद्रदेव ने लगाया सिरसा का नंबर। सिरसा में दोपहर करीब 4 बजे मानसून की बेहतरीन वर्षा हुई और लोगों ने बारीश में नहाते हुए इंद्रदेव का स्वागत किया। सिरसा और गोरीवाला के साथ-साथ कई गांवों में झमाझम बारिश हुई तो कुछ गांव इंद्र देवता की मेहरबानी से महरूम रहे। बारिश से भीषण गर्मी में उमस झेल रही जनता को राहत मिली, वहीं बारिश से पहले आई आंधी से बिजली की तारें टूट जाने के कारण देर रात तक बिजली गुल रही। बारिश शुरू होते ही बच्चे घरों से बाहर निकल आए और खुले आसमान के नीचे में बारिश का जमकर लुत्फ उठाया। कई गांवों के लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्र के निचले हिस्सों में पानी भर गया। ग्राम पंचायत की लापरवाही से गांव की नालियों मे कचरा जमा होने से पानी गलियों मे खड़ा रहा।
