हिसार(प्रैसवार्ता)। आजाद नगर स्थित डिफोडिल हाई स्कूल में पतंजलि योग समिति द्वारा चलाए जा रहे त्रि दिवसीय योग शिविर संपन्न हुआ। पतंजलि योग समिति जिला हिसार के प्रभारी मुकेश कुमार जी ने योगाभ्यास करवाया व बच्चों, बड़ों, बूढ़ों महिलाओं को स्वस्थ रहने के अलग-अलग तरीके बताए।
इस शिविर में पतंजलि योग समिति जिला हिसार की संरक्षक एवं सांवत अस्पताल की संचालिका डा० सत्या सांवत ने भी योगाभ्यास करवाया व बताया कि महिलाएं घर की डाक्टर होती हैं। वे रसोई में स्थित विभिन्न मसालों के द्वारा संपूर्ण परिवार का उपचार कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं में खून की कमी है व कपालभाति प्राणायाम करें व खाना चबा-चबाकर खाएं। जिन महिलाओं को प्रसव उपरांत शरीर व पेशाब कंट्रोल नहीं रहता वे बाह्य प्राणायाम करके इसे कंट्रोल कर सकती है। डा० सांवत ने आजाद नगर योग समिति को शिविर आदि संचालन हेतू एक साऊंड सिस्टम (माईक सैट) दान स्वरूप भेंट किया। शिविर के संचालक व डिफोडिल हाई स्कूल के मुख्याध्यापक धर्मबीर जागलान, योगशिक्षक व भारत स्वाभिमान शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी वीरेन्द्र बडाला, कैप्टन राजबीर, मा० राजबीर, बलराज मलिक व उपस्थित सैंकड़ो योग साधकों ने डा० सांवत का धन्यवाद किया।


