कुरुक्षेत्र(प्रैसवार्ता)। बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार व बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ हजकां-भाजपा ने संयुक्त रूप से लघु सचिवालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया व गिरफ्तारियां दी। प्रदर्शनकारियों की अगुवाई पूर्व विधायक कंवरपाल छछरौली, हजकां जिला अध्यक्ष बाबा बलदेव सिंह एवं भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्ण बेदी ने की। कंवर पाल गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है और जनता इस सरकार का बोझ अब और ज्यादा नहीं उठा सकती है। उन्होंने कहा कि जो सरकार जन समुदाय की उपेक्षा कर उन पर अत्याचार करती है। मौका मिलते ही जनता उनका हिसाब-किताब चुकता कर देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के मंत्री से लेकर संतरी तक सभी भ्रष्टाचार में लिप्त है। भ्रष्टाचार भी कम नहीं, बल्कि लाखों, करोड़ों के किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिनोंदिन बढ़ती महंगाई के चलते आम आदमी का दो वक्त की रोटी का जुगाड़ कर पाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को भी फसलों को उचित भाव नहीं दिए जा रहे हैं, जिस कारण किसान कर्ज के बोझ नीचे दबता रहा है और कर्ज से तंग आकर आत्महत्या करने को मजबूर हो रहा है। हजकां जिलाध्यक्ष बाबा बलदेव ङ्क्षसह ने कहा कि प्रदेश से कानून व्यवस्था का तो बिल्कुल दिवाला निकल चुका है। दलितों पर सरेआम अत्याचार किए जा रहे हैं, लेकिन सरकार आरोपियों को पकडऩे की बजाय उन्हें शय दे रही है। इतना ही नहीं हर दिन चोरी, लूटपाट, हत्या, बलात्कार जैसी घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं, पुलिस इन घटनाओं पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण बेदी ने कहा कि सरकार ने पैट्रोल के दामों को बढ़ाकर लोगों की दुश्वारियां ओर अधिक बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पैट्रोल के दामों में 7 रुपए बढ़ोतरी करके 2 रुपए कटौती करके जनता को गुमराह कर रही है। प्रदेश सरकार भी जनता की परेशानियों को नजर अंदाज कर रही है। यदि प्रदेश सरकार पैट्रोल से वैट हटा दे तो जनता को करीब 50 रुपए लीटर तेल मिलेगा, लेकिन सरकार अपना राजस्व बढ़ाने के फेर में जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। भाजपा वरिष्ठ नेता भारत भूषण भारती, थानेसर अध्यक्ष यशपाल शर्मा, डॉ. रतन लाल बंसल, पवन सैनी, दीप सैनी, रविंद्र सांगवान, सुरेश शर्मा, संदीप मलिक ने भी सरकार की जमकर आलोचना की। कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में घुसने का प्रयास किया तो पुलिस ने उनको रोक लिया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
