सिरसा(वंश जैन)। सिरसा एयरफोर्स स्टेशन को बेहतरीन कार्य के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में चार अवार्ड हासिल हुए है। यह बात एयरफोर्स स्टेशन के एयर कोमोडोर एसपी सिंह ने शुक्रवार को एक्स सर्विसमैन की बैठक की सुनवाई करते हुए कहीं। बैठक में एक्स सर्विसमैन ने उनके समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, जिनका उन्होंने मौके पर ही समाधान किया।
एयर कोमोडोर एसपी सिंह ने बताया कि वेस्टर्न एयर कमांड में सिरसा एयरफोर्स स्टेशन को बेस्ट स्टेशन, बेस्ट आपरेशन, बेस्ट मिसाइल यूनिट के अलावा हिंदी राजभाषा शील्ड से नवाजा गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्य के प्रति समर्पित एयरफोर्स जवानों के बलबूते ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और बुजुर्गों के आर्शीवाद से ही कोई मंजिल हासिल की जा सकती है और इस मामले में सिरसा एयरफोर्स स्टेशन ने यह उपलब्धि हासिल की है।
एक्स सर्विसमैन की कैंटीन संबंधी समस्या की सुनवाई करते हुए एयर कोमोडोर एसपी सिंह ने कहा कैंटीन में उनके लिए अलग से काऊंटर की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा महिलाओं, युद्ध विधवाओं के लिए भी अलग-अलग काऊंटर बनाए जाएंगे ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न आए। इसके साथ ही उन्होंने कैंटीन का आकार भी बढ़ाने की बात कहीं। इस मौके पर एक्स सर्विसमैन ने कैंटीन तक वाहन ले जाने की सुविधा की मांग की, जिस पर एयर कोमोडोर श्री सिंह ने बताया कि सुरक्षा जांच के बाद उनके वाहन कैंटीन पार्किंग तक ले जाने की अनुमति प्रदान कर दी। इसके साथ ही उन्होंने बीमार और बुजुर्ग एक्स सर्विसमैन को राहत प्रदान करने के लिए सहायक साथ लाने की भी अनुमति भी प्रदान की, जिसके लिए सुरक्षा जांच औपचारिकताओं को पूरा करने की हिदायत दी।
एयर कोमोडोर एसपी सिंह ने भविष्य की योजना बारे बताया कि वे शीघ्र ही एक्स सर्विसमैन के लिए मिनी बस की सर्विस शुरू करना चाहते है ताकि एक्स सर्विसमैन को गेट से ही मिनी बस से लाया और कैंटीन से वापस गेट तक छोड़ा जा सके। उन्होंने एक्स सर्विसमैन की सुविधा के लिए आगुंतक कक्ष व कैंटीन में शीतल जल की सुविधा उपलब्ध करवाने की संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी। उन्होंने कहा कि वे एक्स सर्विसमैन की तहे दिल से इज्जत करते है क्योंकि उनके ही प्रयासों से हम खुली हवा में सांस ले रहे है। उन्होंने कहा कि कोई भी एक्स सर्विसमैन अपनी किसी भी समस्या के लिए उनसे सीधे संपर्क साध सकता है, वे 24 घंटे उनकी समस्या के समाधान के लिए तत्पर है। उन्होंने बड़ी विनम्रता से कहा कि यदि किसी बीमार अथवा बुजुर्ग को किसी प्रकार की दिक्कत पेश आती है तो वे स्वयं अपनी कार लेकर उनकी सहायता के लिए हाजिर होंगे। इस मौके पर कुछ एक्स सर्विसमैन ने जिला प्रशासन से संबंधित समस्याएं भी उनके समक्ष रखीं, जिस पर एयर कोमोडोर श्री सिंह ने जिला उपायुक्त से मिलकर उनके समाधान का आश्वासन दिया।
बेहद मित्रवत सम्पन्न हुए इस कार्यक्रम के बाद एक्स सर्विसमैन कैप्टन जेपी वर्मा, जगदीश पुरी, करनैल सिंह, खुशपाल सिंह, पुरुषोत्तम दास, बस्ती राम, कैप्टन भरपूर सिंह, महेंद्र सिंह लुदेसर, मदन लाल पूनियां खैरेकां व अन्य ने एयर कोमोडोर एसपी सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इतनी आत्मियता से तो किसी अधिकारी ने आज तक उनसे बात नहीं की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार श्री सिंह ने उनकी समस्या सुनी और उनका समाधान किया उसके लिए वे हमेशा ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि जो प्यार व सम्मान उन्हें यहां दिया गया है, उसके लिए यदि उन्हें कभी कोई कार्य सौंपा गया तो वे पीछे नहीं हटेंगे।


