बठिण्डा(प्रैसवार्ता)। पंजाब प्रदेश के राजस्व विभाग में पिछले कुछ समय से राजस्व विभाग के मलाईदार पदों पर, जो नियुक्तियां हो रही है, उसमें से अधिकांश ऐसी है, जो राजनेताओं के निकटतम संबंधियों की है। इससे संकेत मिलता है कि राजस्व विभाग के मलाईदार पदों पर राजनीति हावी है। न्यूज एजेंसी प्रैसवार्ता को मिली जानकारी मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों से राजस्व विभाग की निुयक्तियों में ऐसे अधिकारी मलाईदार पद हथियाने में सफल हो रहे है, जो राजनेताओं से जुड़े हुए है, जबकि कुछ मामलों में नजदीकी रिश्ते भी है। मलाईदार पदों पर राजनेताओं के चहेतों के चलते अनेकों घोटाले उजागर होने से पहले ही ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। दिलचस्प तथ्य यह है कि मलाईदार पदों पर कई ऐसे लोग पहुंचने में सफल हो गए है, जिनकी शैक्षणिक योग्यता और अनुभव इत्यादि सरकारी नियमों पर खरा नहीं उतरते, मगर फिर भी वह राजनेताओं के सरंक्षण की बदौलत लंबे समय से मलाईदार पदों पर कार्यरत है।


